ITI Training Officer Recruitment 2026:
दोस्तों, आपके लिए अच्छी खबर है। यदि आपने आईटीआई (ITI) की पढ़ाई की है और सरकारी नौकरी की तलाश में हैं तो यह खबर आपके बेहद काम की है। आप भी पढ़ें और अपने दोस्तों के साथ भी शेयर करें।
तो मुद्दा ये है कि मध्यप्रदेश में टेक्निकल एजुकेशन से जुड़े यूथ के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल यानी ईएसबी ने आईटीआई ट्रेनिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा-2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके तहत तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग में कुल 1 हजार 120 पदों पर भर्ती की जाएगी। बात यहीं नहीं रुकेगी। वर्ष 2026 में पूरे साल सरकारी नौकरियां निकलेंगी। आप बस मेहनत में कमी मत कीजिए, एक सीट तो आपकी पक्की है।
चलिए, फिर मुद्दे पर लौटते हैं। ईएसबी ने जो नोटिफिकेशन जारी किया है, उसके अनुसार, आईटीआई ट्रेनिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा 27 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रोसेस 17 जनवरी 2026 से शुरू हो गई है। कैंडिडेट्स 31 जनवरी 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं। आप ईएसबी की वेबसाइट या फिर नजदीकी कियोस्क सेंटर पर जाकर फॉर्म सबमिट कर सकते हैं।
ITI में पदों की संख्या भी बढ़ाई
ईएसबी ने इस परीक्षा के लिए पहले भी शेड्यूल जारी कर दिया था, लेकिन उसे कैंसिल कर अब दोबारा एग्जामिनेशन शेड्यूल रिलीज किया गया है। आपको दें कि यह परीक्षा पहले 18 जनवरी से होने वाली थी, लेकिन समय पर नोटिफिकेशन जारी नहीं होने के कारण एग्जाम आगे बढ़ा दिया गया था। दूसरी खास बात यह है कि पहले पदों की अनुमानित संख्या 888 बताई गई थी, लेकिन अब नोटिफिकेशन में पदों की संख्या बढ़ाकर 1 हजार 120 कर दी गई है।
25 से ज्यादा ट्रेड वालों को मौका
recruitment के तहत 25 से अधिक आईटीआई ट्रेड के लिए पद निकाले गए हैं। इनमें मैकेनिक डीजल, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनर मैकेनिक, ड्राफ्ट्समैन सिविल, फिटर, वेल्डर, टर्नर, कोपा, इंजीनियरिंग ड्राइंग और गणित जैसे ट्रेड शामिल हैं। हर ट्रेड के लिए अलग-अलग पद तय किए हैं। सबसे ज्यादा पद इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के लिए रखे गए हैं, जिनकी संख्या 227 है। इसके अलावा कोपा ट्रेड में 132 पद और इंजीनियरिंग ड्राइंग एवं गणित के लिए 147 पद विज्ञापित किए गए हैं।
बैकलॉग पद भी होंगे क्लियर
आईटीआई ट्रेनिंग ऑफिसर भर्ती में इस बार सीधी भर्ती के साथ-साथ बैकलॉग पदों को भी भरा जाएगा। ईएसबी की रूलबुक कहती है कि कंप्यूटर, मैथ्स, ड्राइंग सहित कई ट्रेड में बैकलॉग पद शामिल हैं। इससे पहले जिन पदों पर भर्ती नहीं हो पाई थी, उन्हें भी इस परीक्षा के जरिए भरा जाएगा।
एग्जाम फीस की बात करें तो जनरल कैटेगिरी वालों के 500 रुपए लगेंगे। एससी, एसटी, ओबीसी और और ईडब्ल्यूएस वाले कैंडिडेट्स के लिए फीस 250 रुपए तय की गई है। यदि कोई अभ्यर्थी कियोस्क सेंटर से आवेदन करता है तो उसे 60 रुपए ज्यादा देने होंगे।
आगे भी आएंगी हजारों भर्तियां
आईटीआई ट्रेनिंग ऑफिसर भर्ती के अलावा ईएसबी वर्ष 2026 में करीब नौ और भर्ती परीक्षाएं कराएगा। इनमें से छह भर्ती परीक्षाओं के लिए अनुमानित पद संख्या भी सामने आ गई है। इन भर्तियों के जरिए करीब 4 हजार 344 पदों पर नियुक्तियां हो सकती हैं। संबंधित विभागों ने इन पदों के लिए परीक्षा आयोजित कराने की मांग ईएसबी को भेज दी है। इससे साफ है कि आने वाला साल तकनीकी शिक्षा और आईटीआई पास युवाओं के लिए बेहद अहम रहने वाला है।
युवाओं के लिए लगातार खुलेंगे मौके
मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आने वाले महीने बेहद खास रहने वाले हैं। राज्य सरकार और ईएसबी की ओर से अलग-अलग विभागों में हजारों पदों पर भर्तियां प्रस्तावित हैं। इससे उम्मीदवारों को अपनी तैयारी की रणनीति पहले से तय करने का मौका मिलेगा।
सबसे पहले फरवरी महीने में समूह-5 संयुक्त भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके तहत विभिन्न विभागों में करीब 100 पदों पर भर्ती की संभावना है। इसके बाद क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जैसे पदों के लिए परीक्षा कराई जाएगी, जिनमें कुल 1426 पद शामिल हैं।
मार्च में जेल अधीक्षक और अस्पताल सहायक (चतुर्थ श्रेणी) की भर्ती होगी। इस भर्ती के तहत लगभग 1287 पदों को भरा जाएगा। यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण है जो लंबे समय से इन पदों का इंतजार कर रहे हैं।
अप्रैल में मिलेगा बड़ा मौका
अप्रैल महीने में तकनीकी क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए सुनहरा अवसर रहेगा। इस दौरान समूह-3 उपयंत्री भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 900 पद शामिल होंगे। इसके साथ ही समूह-2 उपसमूह-2 की परीक्षा भी अप्रैल में कराई जाएगी, जिसके तहत लगभग 500 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इसके अलावा भर्तियों का सिलसिला पूरे साल चलता रहेगा। सितंबर महीने में समूह-2 उपसमूह-2 की एक और परीक्षा प्रस्तावित है, जिसमें 131 पद शामिल होंगे। इसके बाद अक्टूबर में समूह-1 उपसमूह-1, समूह-2 उपसमूह-1 और पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित किए जाने की तैयारी है।









