Home Real खबर Shivratri 2025: बाबा विश्वनाथ 46 घंटे 30 मिनट देंगे भक्तों को दर्शन,...

Shivratri 2025: बाबा विश्वनाथ 46 घंटे 30 मिनट देंगे भक्तों को दर्शन, काशी में ऐसा पहली बार

बाबा विश्वनाथ
बाबा विश्वनाथ मंदिर

Shivratri-2025: महाशिवरात्रि का पर्व इस बार पहले से भी अधिक भव्य और ऐतिहासिक होने जा रहा है। देशभर के शिव मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे। काशी विश्वनाथ मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास व्यवस्था की गई है। मंदिर पहुंचने वाले भक्त 46 घंटे 30 मिनट तक भगवान शिव के दर्शन पूजन कर सकेंगे।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, 26 फरवरी की तड़के 2 बजकर 15 बजे मंगला आरती होगी। इसके बाद 3 बजकर 30 बजे से भक्तों के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे। विशेष दर्शन 28 फरवरी की रात 1 बजे तक जारी रहेंगे। बाबा विश्वनाथ सिर्फ 1.5 घंटे विश्राम करेंगे, जबकि पिछले वर्ष यह अवधि 4 घंटे की थी। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार दर्शन का समय बढ़ाया गया है।

सप्तऋषि और शृंगार आरती स्थगित 

महाशिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ के विवाह उत्सव की रस्में रात 8 बजे तक पूरी हो जाएंगी। इस दिन सप्तऋषि और शृंगार आरती स्थगित रहेगी, ताकि अधिक से अधिक भक्त दर्शन कर सकें।

दरअसल, प्रयागराज महाकुंभ के चलते वाराणसी में पहले से ही 5 से 8 लाख श्रद्धालु मौजूद रहते हैं। अनुमान है कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की तादाद बढ़कर 20 लाख तक पहुंच सकती है। भारी भीड़ को देखते हुए 25 फरवरी की शाम से वाराणसी में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसी के साथ मंदिर में वीआईपी और सुगम दर्शन की व्यवस्था 46 घंटे बंद रहेगी। व्यापारियों के वाहनों को केवल रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक एंट्री मिलेगी।

काशी विश्वनाथ मंदिर प्रबंधन के अनुसार, महाशिवरात्रि के दिन अखाड़ों की पेशवाई इस बार एक घंटे पहले निकाली जाएगी। अब तक यह सुबह 6 बजे निकलती थी। इस बार अखाड़े सुबह 5 बजे काशी विश्वनाथ मंदिर में सबसे पहले बाबा के दर्शन करेंगे।

Shivratri पर 27 को भव्य शिव बारात

आपको बता दें कि बीते 43 सालों से शिवरात्रि पर शिव बारात निकाली जाती रही है, इस बार भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति ने 27 फरवरी को बारात निकालने का फैसला किया है। खास यह है कि बारातियों पर प्रयागराज से लाया गया संगम जल छिड़का जाएगा, ताकि श्रद्धालु कुंभ और काशी दोनों का पुण्य प्राप्त कर सकें। हजारों श्रद्धालु शिव बारात में शामिल होंगे।