देश की दिग्गज ऑनलाइन एजुकेशन कंपनी Unacademy ने अपने बिजनेस मॉडल में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। इसके तहत Unacademy अब अपने सभी ऑफलाइन लर्निंग सेंटर्स को बंद करने जा रही है। आगे की प्लानिंग इन सेंटर्स को फ्रैंचाइजी मॉडल में बदलने की है। इस बात की जानकारी खुद Unacademy के को-फाउंडर और सीईओ गौरव मुंजाल ने कर्मचारियों को भेजे ई-मेल में दी है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले ही Unacademy और upGrad के बीच प्रस्तावित मर्जर डील टूट गई थी। माना जा रहा है कि कंपनी अब घाटा कम करने और मुनाफा बढ़ाने पर फोकस कर रही है।
Unacademy Centres क्यों कर रही बंद?
Unacademy का मानना है कि ऑफलाइन सेंटर्स चलाने में ऑपरेशनल खर्च ज्यादा है। ऐसे में कंपनी ने तय किया है कि आगे चलकर सभी ऑफलाइन सेंटर्स को फ्रैंचाइजी मॉडल पर शिफ्ट किया जाएगा। इस मॉडल में सेंटर का संचालन लोकल ऑपरेटर्स करेंगे। Unacademy एकेडमिक कंटेंट, टेक्नोलॉजी, करिकुलम और ब्रांड सपोर्ट देगी। एजुकेशन क्वालिटी और सिस्टम कंपनी के कंट्रोल में ही रहेगा। यह मॉडल पहले भी सफल रहा है। अप्रैल 2026 तक यह बदलाव पूरी तरह लागू होने की उम्मीद है।
अब प्रॉफिट की तरफ बढ़ रही Unacademy
सीईओ गौरव मुंजाल का कहना है कि पिछले कुछ सालों में Unacademy ने मजबूत ऑनलाइन लर्निंग प्रोडक्ट्स तैयार किए हैं, जिनसे कंपनी को फायदा हो रहा है। UPSC, NEET PG, CAT जैसे बड़े सेगमेंट अब पॉजिटिव मार्जिन में आ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 2026 अब सर्वाइवल का साल नहीं, बल्कि ग्रोथ का साल होगा। कंपनी का टारगेट है कि वह ज्यादा लीन बने, खर्च कम करे और पूरी तरह ऑनलाइन एजुकेशन पर फोकस करे। अब देखना होगा कि गौरव और कंपनी का यह फैसला कितना कारगर साबित होता है।
Unacademy क्या है?
Unacademy भारत की सबसे बड़ी EdTech कंपनियों में से एक है, जो स्टूडेंट्स को मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा देती है। इसकी शुरुआत 2015 में बेंगलुरु से हुई थी। इसके फाउंडर्स में गौरव मुंजाल, रोमन सैनी और हेमेश सिंह शामिल हैं। शुरुआत एक यूट्यूब चैनल से हुई थी, जो आज करोड़ों छात्रों का डिजिटल क्लासरूम बन चुका है।
आपको बता दें कि 10 दिसंबर 2015 को अनअकेडमी एक कंपनी के तौर पर सामने आई थी। इसके बाद वर्ष 2015 से वर्ष 2019 के बीच Unacademy ने जबरदस्त बढ़त हासिल की थी। देखते ही देखते Unacademy युवाओं में खासी पापुलर हो गई थी।
Unacademy किन परीक्षाओं की तैयारी कराती है?
Unacademy पर 200 से ज्यादा परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है, जिनमें UPSC, IAS, SSC, बैंकिंग, IIT-JEE, NEET, CAT, MBA एंट्रेंस, CBSE बोर्ड, CA, GATE और दूसरे कॉम्पिटिटिव एग्जाम शामिल हैं। यहां लाइव क्लास, रिकॉर्डेड वीडियो, मॉक टेस्ट और डाउट क्लियरिंग की सुविधा मिलती है।
विवादों में रही है कंपनी
कोरोना के बाद Unacademy ने कोटा जैसे शहरों में ऑफलाइन सेंटर्स खोलकर पारंपरिक कोचिंग को चुनौती दी थी, लेकिन अब कंपनी उसी मॉडल से पीछे हट रही है। 2022 और 2023 में बड़े पैमाने पर छंटनी, शिक्षकों से जुड़े विवाद और रणनीति में बार-बार बदलाव को लेकर भी Unacademy चर्चा में रही है।
EdTech सेक्टर के लिए क्या मायने?
Unacademy का यह फैसला बताता है कि अब EdTech कंपनियां सस्टेनेबल और प्रॉफिटेबल मॉडल पर ध्यान दे रही हैं। आने वाले समय में दूसरे प्लेटफॉर्म भी इसी रास्ते पर जा सकते हैं।
फ्लैशबैक…वर्ष 2021 में Unacademy की वैल्यूशन 29 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा थी, जो अब करीब 4 हजार 150 करोड़ रुपए के आसपास है। इससे पहले वर्ष 2020 में Unacademy ने यूनिकॉर्न का ताज पहना था। इसी साल सॅाफ्टबैंक ने Unacademy में 150 मिलियन डॉलर का इन्वेस्टमेंट किया था। इससे Unacademy की वैल्यूएशन 1.45 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई थी।









