Home बिज़नेस Budget 2026 से उम्मीद, क्या देश में 1 तारीख से सस्ते हो...

Budget 2026 से उम्मीद, क्या देश में 1 तारीख से सस्ते हो जाएंगे Smart Phone?

यदि आप Smart Phone खरीदने का मन बना रहे हैं तो थोड़ा ठहर जा​इए। हो सकता है कि 1 फरवरी के बाद Smart Phone सस्ते हो जाएंगे। ये बात हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि 1 फरवरी 2026 को केंद्र सरकार का आम बजट (Budget 2026) पेश होने वाला है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट 2026-27 संसद में रखेंगी। बजट से पहले हर सेक्टर को कुछ न कुछ उम्मीद है, लेकिन आम लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है क्या बजट के बाद स्मार्टफोन सस्ते होंगे?
यह सवाल इसलिए भी अहम है, क्योंकि बीते कुछ समय में स्मार्टफोन लगातार महंगे हुए हैं। खासकर मिड-रेंज और प्रीमियम फोन अब आम आदमी की पहुंच से दूर होते जा रहे हैं। इस बार उम्मीद जताई जा रही है कि Smart Phone सस्ते हो सकते हैं।

जानिए, स्मार्टफोन क्यों हुए महंगे?

स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह है AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बढ़ता इस्तेमाल है। आज के स्मार्टफोन में ज्यादा रैम, ज्यादा स्टोरेज, एडवांस प्रोसेसर और AI फीचर्स दिए जा रहे हैं। इन सभी के लिए मेमोरी चिप्स और हाई-एंड प्रोसेसर की जरूरत होती है।
अब मुश्किल यह है कि यही चिप्स AI डेटा सेंटर में भी इस्तेमाल हो रही हैं। लिहाजा, इन चिप्स की मांग ज्यादा है और उसके अनुपात में उतनी सप्लाई नहीं हो पा रही है। यही वजह है कि ये चिप महंगी हो गई हैं और उसका सीधा असर स्मार्टफोन की कीमत पर पड़ा है।

Budget 2026 से आम आदमी को उम्मीदें

आम उपभोक्ता चाहते हैं कि स्मार्टफोन फिर से सस्ते हों। अच्छे फीचर्स वाला फोन कम कीमत में मिले। बजट फोन की रेंज मजबूत हो, लेकिन इंडस्ट्री की उम्मीदें इससे थोड़ी आगे की हैं। इंडस्ट्री की अपनी मांगें हैं। Ai+ स्मार्टफोन के CEO और Nxtquantum Shift Technologies के फाउंडर माधव सेठ के कहते हैं कि भारत का कंज्यूमर टेक सेक्टर अब मोबाइल असेंबल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अब वक्त है कि भारत खुद कोर कंपोनेंट्स बनाए।
वे कहते हैं कि सरकार को कैमरा मॉड्यूल, बैटरी, PCB (सर्किट बोर्ड), चार्जर, मोबाइल एनक्लोजर, वियरेबल डिवाइस पर फोकस करना चाहिए। इसी के साथ रिसर्च एंड डेवलपमेंट, सिस्टम डिजाइन, सॉफ्टवेयर और IP (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) को भी बजट में सपोर्ट मिलना चाहिए।

मैन्युफैक्चरिंग बढ़ेगी तो सस्ते होंगे मोबाइल

Indkal Technologies के CEO आनंद दुबे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर आज भारत की अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ बन चुका है। इस सेक्टर से आज देश में लाखों लोगों को रोजगार मिल रहा है। भारत की ग्लोबल सप्लाई चेन में पकड़ मजबूत हो रही है। इन सबके बीच भारत में ज्यादातर कंपनियां सिर्फ असेंबली करती हैं। कई जरूरी पार्ट्स के लिए अभी भी चीन पर निर्भरता है। यदि बजट में लोकल कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिला और टैक्स में राहत दी गई तो आने वाले समय में स्मार्टफोन की कीमतें कम हो सकती हैं।

क्या 1 फरवरी के बाद फोन सस्ते हो जाएंगे?

इस सवाल का सीधा जवाब है कि अभी तो नहीं, लेकिन हां, रास्ता जरूर खुलेगा। यदि बजट में लोकल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलता है, कंपोनेंट्स पर टैक्स कम होता है और R&D को इंसेंटिव मिलता है तो अगले कुछ महीनों में देश में स्मार्टफोन की कीमतों पर असर दिख सकता है और इससे आम लोगों को राहत मिल सकती है।