मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू विवाद में एक पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाकर मामले को छिपाने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने सच सामने ला दिया है। अब पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 9 जनवरी की बताई जा रही है। आरोपी पति पत्नी को गंभीर हालत में Indore के एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पति ने मौत का कारण ब्लड प्रेशर कम होना बताया था। मामले में संदेह होने पर पुलिस ने जांच शुरू की। 11 जनवरी को पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। इसके बाद महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
Indore में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला राज
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर गला दबाने और मारपीट के साफ निशान मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने पति को थाने बुलाकर पूछताछ की। आरोपी माधव चौहान पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब सख्ती की गई तो उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी ने मीडिया को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
8 साल से चल रहा था विवाद
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी आठ साल से उससे शारीरिक संबंध नहीं बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर लड़ाई होती थी। 9 जनवरी को भी विवाद हुआ और गुस्से में आकर पति ने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी पेशे से मिस्त्री है। उसका एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के समय बेटा काम पर गया था और बेटी पढ़ाई के सिलसिले में घर से बाहर थी। इसी दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि सबूत जुटा लिए हैं। आगे की कार्रवाई जारी है।
