देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों में से एक मदर डेयरी (Mother Dairy) ने दूध के दाम में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी 30 अप्रैल से देश में लागू होगी।
मदर डेयरी फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में हर दिन लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कीमतों में बढ़ोतरी का असर लाखों उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
मदर डेयरी की ओर से कहा गया कि दूध की कीमतों में बढ़ोतरी अचानक नहीं हुई। इसके पीछे किसानों से दूध खरीदने की लागत में 4 से 5 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी सबसे बड़ा कारण है। गर्मी की असामान्य और समय से पहले शुरुआत की वजह से दूध के उत्पादन में गिरावट आई है। पशुओं की दूध देने की क्षमता कम हो गई है, जिससे सप्लाई प्रभावित हुई है। कंपनी का कहना है कि लागत तो 4 से 5 रुपए प्रति लीटर बढ़ी है, लेकिन ग्राहकों पर सिर्फ 2 रुपए का अतिरिक्त बोझ आएगा।
कौन-कौन सी वैरायटी के बढ़े दाम?
दूध की वैरायटी | पुरानी कीमत (₹/लीटर) | नई कीमत (₹/लीटर) |
---|---|---|
टोन्ड मिल्क (पाउच) | 56 | 57 |
फुल क्रीम मिल्क (पाउच) | 68 | 69 |
डबल टोन्ड मिल्क | 49 | 51 |
गाय का दूध | 57 | 59 |
बिना पैक टोन्ड दूध | 54 | 56 |
Mother Dairy ने क्या कहा?
मदर डेयरी ने आधिकारिक बयान में कहा कि उसका उद्देश्य किसानों को उनकी लागत के अनुसार सही कीमत देना है, ताकि वे पशुपालन जारी रख सकें और गुणवत्ता युक्त दूध की आपूर्ति बनी रहे। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि यह फैसला मजबूरी में लिया गया है, ताकि सप्लाई चैन को नुकसान न पहुंचे।
अब इस बढ़ोतरी का सीधा असर मिडिल क्लास और लोअर इनकम ग्रुप पर पड़ेगा, जिनके घरों में रोज़ाना दूध की खपत होती है। बच्चों के लिए दूध, चाय, दही, पनीर जैसे उत्पादों की लागत अब अधिक होगी।